अमृतसर , जुलाई 26 -- नेपाल आर्मी के लेफ्टिनेंट जनरल गणेश कुमार ने रविवार को उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल श्री दुर्गियाना तीर्थ में माथा टेककर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर श्री दुर्गियाना कमेटी की अध्यक्ष प्रोफेसर लक्ष्मीकांता चावला ने उनका स्वागत किया।
लेफ्टिनेंट जनरल गणेश कुमार ने श्री दुर्गियाना तीर्थ परिसर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री राम दरबार तथा श्री राधा-कृष्ण मंदिर में नतमस्तक होकर देश और विश्व की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर में आकर उन्हें गहन आध्यात्मिक शांति और दिव्यता का अनुभव हुआ।
प्रोफेसर लक्ष्मीकांता चावला से बातचीत के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि अमृतसर आने से पहले उन्होंने उनके सामाजिक और धार्मिक कार्यों के बारे में काफी जानकारी प्राप्त की थी तथा उनसे मिलकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने प्रोफेसर चावला को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित