देहरादून , अगस्त 27 -- नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से हुई तबाही में बड़ी संख्या में लोगों की मौत पर गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने गुरुवार को श्रद्धांजलि दी और बाद में फ्रंट का उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय हो गया।
देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में गोरखा समुदायों के राजनीतिक दल गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने भगवा परचम थाम, भाजपा की हैट्रिक का संकल्प लिया। इस दौरान नेपाल में हुईं प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि पर श्रद्धांजलि देकर, पीड़ितों के लिए यथा संभव मदद की अपील की। साथ ही, एक मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई।
फ्रंट के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट को औपचारिक विलय पत्र सौंपा। जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने श्री शाही एवं उनके साथ आए फ्रंट के पदाधिकारियों को पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर श्री भट्ट ने फ्रंट के विलय का स्वागत करते हुए, पार्टी संगठन की दृष्टि से इसे एक और महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि पिछली बार के चुनाव में भी हमें फ्रंट का सीधा समर्थन मिला था और उससे पहले फ्रंट स्वतः अनेकों विधानसभाओं में सक्रियता से चुनावों में भाग लिया है। लिहाजा इस बार आपका विलय भाजपा को अधिक मजबूती प्रदान करेगा। क्योंकि बड़ी संख्या में जब दूसरे दलों के लोग पार्टी से जुड़ते हैं, तो पार्टी को शक्ति भी प्राप्त होती है।
उन्होंने गोरखा फ्रंट के निर्णय को राज्य हित में बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने में यह महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही विश्वास दिलाया कि आपके मान-सम्मान की चिंता करना, दल के अध्यक्ष होने के नाते मेरा कर्तव्य है। लिहाजा पार्टी आप सबकी उपयोगिता को देखते हुए उचित सम्मान देगी और जहाँ-जहाँ आवश्यक लगेगा, आपका सहयोग लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित