काठमांडू , अक्टूबर 09 -- नेपाल के कास्की जिले में पोखरा शहर के पास शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस के गहरी खाई में गिर जाने से चार छात्रों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 14 घायल हो गए।

कास्की जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, यह हादसा तब हुआ, जब 'कालिका बोर्डिंग स्कूल' की बस छात्रों को लेकर लौट रही थी। बस में कुल 19 लोग सवार थे, जिनमें अधिकतर छात्र थे।

अस्पताल में मृत घोषित किए गए पांच में से चार लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में ममता तिवारी (15), असीम कंदेल (13), शुभेच्छा तिवारी (15) और एक छात्र के पिता बाबूराम तिवारी (65) शामिल हैं। लगभग 15 वर्ष की एक अन्य छात्रा की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए वेस्टर्न रीजनल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, भर्ती कराए गए 14 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय अश्मी कंदेल को आईसीयू में रखा गया है।

कास्की जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता बीरेंद्र पासवान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित