श्रीगंगानगर , जुलाई 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में जिला मुख्यालय के नजदीक गांव नेतेवाला महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय और राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में अध्यापकों एवं अन्य कर्मचारियों के रिक्त पदों को तुरंत भरने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व सरपंच और कांग्रेस के जिला महासचिव सुरेंद्र पारीक के नेतृत्व में कई ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर कहा कि श्रीगंगानगर जिले में स्थानीय स्तर पर राजकीय विद्यालयों में बड़ी संख्या में अध्यापक एवं अन्य शैक्षणिक कर्मचारियों के पद रिक्त हो गये हैं। बड़े पैमाने पर स्थानांतरण के बाद भी इन रिक्त पदों को नहीं भरा गया है।
उन्होंने बताया कि जिले के करीब 90 प्रतिशत विद्यालयों में रिक्त पदों के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह बाधित हो रही है। खासकर जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित नेतेवाला गांव के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय और राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी सहित प्रमुख विषयों के अध्यापकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इन विद्यालयों में अन्य शैक्षणिक कर्मचारियों के पद भी रिक्त हैं, जिससे छात्र-छात्राओं की नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित हो रही है। रिक्त अध्यापक एवं कर्मचारी पदों को तुरंत भरा जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित