तेल अवीव , अगस्त 5 -- इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाज़ा पट्टी से सेना की चरणबद्ध वापसी के बदले हमास के धीरे-धीरे निःशस्त्रीकरण वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 'बोर्ड ऑफ पीस' के प्रस्ताव को सार्वजनिक रूप से यह कहते हुए खारिज कर दिया है कि न तो इजराइल ने इस योजना को तैयार किया था और न ही इसे स्वीकार किया है।

सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में श्री नेतन्याहू ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन ने इस प्रस्ताव को इजराइल के विचार के लिए भेजा था, जिसे इजराइली संशोधनों के साथ वापस भेज दिया गया है। इस अस्वीकृति को गाज़ा के भविष्य को लेकर इजराइली प्रधानमंत्री और ट्रम्प के बीच अब तक के सबसे बड़े मतभेद के रूप में देखा जा रहा है।

'द टाइम्स ऑफ इजराइल' के अनुसार, श्री नेतन्याहू ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रम्प या उनकी टीम को लगता है कि वे हमास को गाज़ा के निःशस्त्रीकरण और विसैन्यीकरण के लिए मना सकते हैं। हम इसकी जांच कर रहे हैं। उन्होंने हमें एक मसौदा भेजा था। हम इससे सहमत नहीं थे। यह हमारा मसौदा नहीं था। हमने अपनी टिप्पणियां वापस भेज दी हैं।" उन्होंने कहा कि इस चरण में युद्धग्रस्त इलाके से पीछे नहीं हटा जा सकेगा।

इससे कुछ दिन पहले श्री ट्रम्प ने घोषणा की थी कि हमास सैद्धांतिक रूप से 'बोर्ड ऑफ पीस' समर्थित ढांचे पर सहमत हो गया है, जिसके तहत वह इजराइली सेना की चरणबद्ध वापसी के बदले धीरे-धीरे अपने हथियार सौंपेगा। श्री ट्रम्प ने इस प्रस्ताव को एक नया फिलिस्तीनी प्रशासन बनाने की दिशा में अहम कदम बताया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित