हरिद्वार , मई 20 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सटीक जांच के दम पर भगवानपुर क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए महज 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार 17 मई को भगवानपुर थाना क्षेत्र के बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने गृह मंत्रालय द्वारा संचालित नेटग्रिड पोर्टल का सहारा लिया। मृतक की फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के बाद मिले डाटा के आधार पर विभिन्न राज्यों में सत्यापन कराया गया। लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान कलीम पुत्र मुरादु निवासी ग्राम बचीटी, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को घटना वाली रात क्षेत्र में एक काली क्रेटा कार दिखाई देने की जानकारी मिली। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस धरोहर होटल तक पहुंची। जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई काम की तलाश में भगवानपुर आए थे तथा रात में धरोहर होटल में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान होटल संचालकों और उनके साथियों के साथ विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कलीम का भाई किसी तरह मौके से भाग निकला, जबकि आरोपियों ने कलीम को बेरहमी से पीटा। जब उसकी मौत हो गई तो आरोपी के शव को क्रेटा कार की डिग्गी में रखकर लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक आए।
पुलिस ने बुधवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडे, मृतक का मोबाइल फोन, क्रेटा कार और स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किए हैं।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित