नयी दिल्ली , जुलाई 06 -- नेक्स्ट भारत वेंचर्स आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड ने सोमवार को 2,000 करोड़ रुपये के अपने दूसरे फंड की शुरुआत की घोषणा की।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसके साथ ही यह देश के सबसे बड़े इम्पैक्ट-केंद्रित वेंचर फंड में शामिल हो गया है। यह नया फंड ग्रामीण भारत तथा प्रवासी और शहरों के वंचित समुदायों के जीवन स्तर और सतत आजीविका में सुधार लाने वाले "इम्पैक्ट उद्यमियों" को बड़े पैमाने पर समर्थन प्रदान करेगा।
नेक्स्ट भारत वेंचर्स दो वर्ष पुरानी संस्था है। यह कृषि, ग्रामीण आपूर्ति श्रृंखला, वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण गतिशीलता और सामाजिक हित के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों पर फोकस करती है। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है। इसका उद्देश्य ऐसे स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देना है जो रोजगार सृजित करें, किसानों की आय बढ़ाएं, ग्रामीण मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करें और महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करें।
इससे पहले कंपनी ने 340 करोड़ रुपये का फंड पेश किया जो सफल साबित हुआ। अब तक उसने 50 से अधिक इम्पैक्ट स्टार्टअप का समर्थन किया है। उनमें से 20 से अधिक में पूंजी, मार्गदर्शन और इकोसिस्टम सहयोग के माध्यम से निवेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित