नूरपुर, सितंबर 10 -- हिमाचल प्रदेश में नूरपुर पुलिस ने कथित रूप से अवैध मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त की गई एक तस्कर की 3.32 करोड़ रुपये से ज़्यादा की संपत्ति ज़ब्त की है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
नूरपुर की पुलिस अधीक्षक इल्मा अफ़रोज़ ने यूनीवार्ता को बताया कि "यह कार्रवाई कांगड़ा ज़िले की इंदौरा तहसील के चन्नी गांव के निवासी ज्ञान चंद के बेटे बलविंदर उर्फ़ बिल्ला के ख़िलाफ़ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 20 और 29 के तहत 29 दिसंबर, 2025 को डमटाल पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर संख्या 167/25 से जुड़ी है।"सुश्री अफ़रोज़ ने कहा कि "पुलिस ने आरोपी के पास से 1.852 किलोग्राम चरस बरामद करने के बाद उसे गिरफ़्तार कर लिया है।"उन्होंने कहा "जांच के दौरान आरोपी की चल और अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की गई। गैर-कानूनी मादक पदार्थों की तस्करी से कमाई गई रकम से खरीदी गई संपत्तियों एक होटल-कम-रेस्तरां, दुकानें, गाड़ियां और बैंक खातों की पहचान की गई है और उन्हें अस्थायी रूप से फ्रीज़ कर दिया गया है।"सुश्री इल्मा ने कहा, "संपत्ति की कुल कीमत 3,32,32,352.94 रुपये आंकी गई है। नूरपुर पुलिस ने अपनी वित्तीय जांच रिपोर्ट नयी दिल्ली में सक्षम अधिकारी को सौंप दी है।"सुश्री इल्मा ने बताया कि सक्षम अधिकारी ने नौ सितंबर के आदेश नंबर एनडीपीएसए/एफओ/1098/डीईएल/2026 के ज़रिए, कथित रूप से अवैध मादक पदार्थ कारोबार से प्राप्त की गई 3,32,30,941 रुपये की संपत्ति ज़ब्त करने की पुष्टि की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित