चंडीगढ़ , मार्च 12 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की गुरुग्राम टीम ने नूंह के सरल केंद्र में तैनात एक रजिस्ट्रेशन क्लर्क को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो एसडीएम कार्यालय नूंह स्थित सरल केंद्र में रजिस्ट्रेशन क्लर्क के पद पर कार्यरत था।
एसीबी ने गुरुवार को कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वाहन ट्रांसफर की फाइल से संबंधित एनओसी/कॉपी देने के बदले उससे छह हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम ने मामले की जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई और शिकायतकर्ता को तय राशि के साथ भेजा।
जाल बिछाकर की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी अशोक कुमार ने शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की रिश्वत ली, जिसके तुरंत बाद एसीबी टीम ने उसे एसडीएम कार्यालय नूंह स्थित सरल केंद्र से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई है।
इस मामले में आरोपी अशोक कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर रूप चंद के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एसीबी थाना गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।
एसीबी ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो की हेल्पलाइन पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित