जागरेब (क्रोएशिया) , फरवरी 06 -- भारतीय पहलवान नीलम सिरोही ने जागरेब ओपन 2026 कुश्ती टूर्नामेंट में महिलाओं की 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीता।
गुरुवार को हुए अन्य मुकाबलों में विकी हुड्डा (पुरुष 97 किग्रा), दिनेश धनखड़ (पुरुष 125 किग्रा) और मुस्कान (महिला 50 किग्रा) के कांस्य पदकों के साथ इस साल की पहली विश्व कुश्ती महासंघ (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) रैंकिंग सीरीज में भारत के पदकों की संख्या सात हो गई है। भारत ने टूर्नामेंट में एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते है।
नीलम सिरोही ने फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय पहलवान ने पोलैंड की अगाता वालेरजाक को 10-0 से हराकर शुरुआत की, जिसके बाद क्वार्टर फाइनल में अजरबैजान की एलनूरा मम्मादोवा को 12-2 से हराया।
सेमीफाइनल में हमवतन मुस्कान पर 7-4 की जीत ने उन्हें स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचाया, जहां वह अंडर-23 विश्व चैंपियन जापान की हारुना मोरिकावा से 5-2 से हार गईं।
इस बीच, मुस्कान ने सेमीफाइनल में हार के बाद वापसी करते हुए अगाता वालेरजाक को 11-0 से हराकर इस कैटेगरी में कांस्य पदक जीता।
पुरुषों के 97 किग्रा वर्ग में, विकी हुड्डा ने अमेरिका के स्टीफन बुकानन II से क्वार्टर फाइनल में हार के बाद वापसी की। अमेरिकी पहलवान ने उन्हें 14-7 से हराया। भारतीय पहलवान रेपचेज में पहुंच गए, जहां विकी ने कनाडा के सैमुअल मिकलोस मारिया परेरा को 12-1 से शिकस्त दी। भारतीय पहलवान ने उसी लय को कांस्य पदक मुकाबले में भी जारी रखा, फ्रांस के एडलान विश्खानोव को 8-2 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई। दीपक चहल ने भी इसी वेट कैटेगरी में हिस्सा लिया था लेकिन क्वालिफिकेशन राउंड में ही बाहर हो गए।
इस बीच, दिनेश धनखड़ का 125 किग्रा का कांस्य पदक पोलैंड के कामिल कोसिओलेक पर पिनफॉल जीत के साथ आया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित