पटना , अक्टूबर 26 -- बिहार सरकार ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को पटना जिला बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति से हटा दिया है और इसके साथ ही उन्हें प्राप्त राज्य मंत्री का दर्जा भी समाप्त हो गया है।
इस निर्णय के साथ ही सरकार ने नीलम देवी को राजधानी के मॉल रोड स्थित सरकारी बंगला संख्या-01 को 25 नवंबर तक खाली करने के निर्देश दिए हैं।
नीलम देवी को इस वर्ष मई में बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की सदस्य के रूप में सरकारी आवास आवंटित किया गया था। इस समिति में उनके पद के कारण उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त था।
सरकार की यह कार्रवाई जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से अनंत सिंह और नीलम देवी को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किए जाने के दो दिन बाद हुई है। जदयू ने 24 अक्टूबर को दोनों नेताओं के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में यह कार्रवाई की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित