श्रीगंगानगर , मई 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में बुधवार को नीलगाय को बचाने के प्रयास में बस के पलट जाने से सात यात्री मामूली रूप से घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रावला मंडी के 365 हैड से घड़साना की ओर आ रही निजी बस दोपहर करीब दो बजे रावला के गांव 297वें वाली पुली के पास पहुंची। अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर नीलगाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
सूत्रों ने बताया कि यह देखते ही आस-पास के लोग दौड़ पड़े। भीड़ ने तुरंत पलटी बस की खिड़कियों से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया।
यात्रियों ने बताया कि बस की गति ज्यादा नहीं थी, यही वजह रही कि बड़ा हादसा टल गया। चालक ने नीलगाय की जान बचाई, जबकि यात्रियों को सिर्फ हल्की चोटें आईं। पुलिस ने सभी को रावला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित