मुरैना , मार्च 15 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चंबल के बीहड़ों में नीलगाय का शिकार कर उसके मांस की ढाबों, होटलों और अन्य जिलों में आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके ठिकाने से लगभग दो कुंतल मांस बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी थी कि ग्राम जतावार में सोनू नागर के घर पर नीलगाय का बड़ी मात्रा में मांस रखा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर घर में फ्रिज में रखा नीलगाय का मांस बरामद किया और मौके पर मौजूद आरोपी रिंकू खान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घर के मालिक सोनू नागर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चंबल के बीहड़ों से नीलगाय का सिर और चमड़ा भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके तार किन-किन तस्करों और स्थानों से जुड़े हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित