प्रयागराज , मई 30 -- उत्तर प्रदेश मे प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र में नीलगायों के बढ़ते झुंड किसानों के लिए गंभीर समस्या बन गए हैं। खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत दिलाने की मांग की है।

क्षेत्रीय किसानों के अनुसार नीलगायों के झुंड उड़द, मूंग, हरे चारे तथा अन्य मौसमी फसलों को चरकर नष्ट कर रहे हैं। इससे किसानों की मेहनत और खेती में लगी लागत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। होलागढ़ ब्लॉक के रामगढ़, उमरिया बदल, चौबारा, नेवादा और चांटी समेत आसपास के गांवों में बड़ी संख्या में नीलगायों के झुंड देखे जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दिन और रात दोनों समय ये जानवर खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

किसान राम खेलावन ने बताया कि गर्मी के मौसम में नीलगायों का प्रकोप और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि फसलों की सुरक्षा करना मुश्किल हो गया है और किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नीलगायों से फसलों की सुरक्षा के लिए उन्हें रातभर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है, इसके बावजूद फसलों को बचाना चुनौती बना हुआ है।

किसानों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से नीलगायों की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा फसलों को नुकसान से बचाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कृषि उत्पादन पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित