पौड़ी , अगस्त, 01 -- उत्तराखंड के पौड़ी में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में प्रतिदिन उमड़ रही भारी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शनिवार को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ कर दी है। यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस बल के साथ बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की टीमें भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।

बीडीएस टीम द्वारा मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, पैदल यात्रा मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से एंटी-सबोटाज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से हर संवेदनशील स्थल की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी बनाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस एवं बीडीएस टीम आपसी समन्वय के साथ लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित