यमुनानगर , अक्टूबर 18 -- हरियाणा के यमुनानगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड नंबर एक की नीलकंठ कॉलोनी में 28.80 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण किया जाएगा।
मेयर सुमन बहमनी ने शनिवार को इस विकास कार्य का शिलान्यास कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री कंवर पाल और वार्ड पार्षद रीना रस्तोगी के साथ नारियल फोड़कर नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
नीलकंठ वाशिंग सेंटर से बॉम्बे फर्नीचर तक बनने वाले इस नाले से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। नाले के निर्माण से स्थानीय निवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे कॉलोनी में साफ-सफाई बनाए रखने और बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारू करने में भी मदद मिलेगी।
सुश्री बहमनी ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, नाली और जल निकासी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है, ताकि लोगों को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत मिल सके। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार काम करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित