पौड़ी, जुलाई 14 -- उत्तराखंड में पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने विश्वप्रसिद्ध नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, ट्रैफिक, पार्किंग, सुरक्षा, संचार नेटवर्क, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं पैदल मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, जलभराव वाले क्षेत्रों में पैचवर्क तथा नालियों की सफाई का कार्य यात्रा शुरू होने से पहले पूरा करने को कहा। उन्होंने पुंडरासू से आने वाले पैदल मार्ग पर रेलिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि नीलकंठ मार्ग की टॉप लेयर मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने मंदिर के पीछे चल रहे लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण कर 25 जुलाई तक पूरे क्षेत्र की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और विशेष सफाई अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। साथ ही पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल और विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, शौचालयों में नियमित जलापूर्ति तथा स्थायी शौचालयों को स्थायी जल कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर रखने को कहा।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने टैक्सी-मैक्सी संचालकों से संवाद कर ट्रैफिक प्लान साझा किया और प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों तथा डायवर्जन मार्गों पर स्पष्ट दिशासूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

मोबाइल नेटवर्क की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जियो, एयरटेल सहित अन्य सेवा प्रदाताओं को यात्रा क्षेत्र में नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी मोबाइल टावर स्थापित करने के निर्देश दिए। पुलिस कंट्रोल रूम और चौकी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी लगाने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम सक्रिय रखने तथा आपातकालीन सेवा 112 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग को यात्रा अवधि के दौरान प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस, चिकित्सकीय टीमों और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा बारिश और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नीलकंठ महादेव मंदिर के महंत सुभाष पुरी से भी भेंट कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कांवड़ यात्रा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थाओं का ड्राई रन कर लेने के निर्देश भी दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित