ऋषिकेश , नवंबर 09 -- उत्तराखंड में मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित नीम बीच पर सोमवार को गंगा में स्नान के दौरान एक युवक डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। युवक की तलाश के लिए गंगा नदी में संयुक्त तलाश एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आज दोपहर आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से नीम बीच के पांडव पत्थर के समीप एक युवक के गंगा में डूबने की सूचना थाना मुनिकीरेती को मिली। सूचना पर पुलिस और जल पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि दिल्ली से आठ युवक घूमने के लिए तपोवन क्षेत्र आए थे। इसी दौरान आशीष (22) गंगा में स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में बचाव टीमें सक्रिय हुईं। जल पुलिस, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ ने चौकी तपोवन पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर नदी में युवक की तलाश शुरू की। बचाव टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं।

इस बीच टिहरी पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से गंगा नदी में स्नान के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने नदी के तेज बहाव, गहराई और जलस्तर में अचानक होने वाले बदलाव को देखते हुए गहरे पानी में जाने से बचने तथा निर्धारित सुरक्षित स्नान स्थलों पर ही स्नान करने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित