जयपुर , जुलाई 25 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सीकर जिले के नीमकाथाना में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) संख्या-एक न्यायालय के सहायक निदेशक अभियोजन कौशल सिंह राठौड़ को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि श्री राठौड़ को शुक्रवार रात रेलवे स्टेशन जयपुर के पास परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेने पर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि एसीबी को परिवादी ने शिकायत की कि श्री राठौड़ न्यायालय में विचाराधीन नीमकाथाना जेल में बंद उसके पुत्र के प्रकरण में धारा 111 (4) एवं 308 बीएनएस 2023 हटाने, अभियोजन पक्ष को कमजोर करने तथा मुलजिम के अधिवक्ता के विरुद्ध प्रभावी पैरवी न करने की एवज में सवा तीन लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।

इसके बाद रिश्वत मांग सत्यापन के दौरान परिवादी से तीन लाख रुपए बतौर रिश्वत की मांग करना तथा मांग के अनुसरण में 50 हजार रुपए की रिश्वत जयपुर के रेलवे स्टेशन के पास प्राप्त करने पर श्री राठौड को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित