पटना , दिसम्बर 16 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि विकसित राज्य के संकल्प को साकार करने के लिए नीतीश सरकार का बिहार में सात निश्चय योजना-3 लागू करने का निर्णय सामयिक और दूरदर्शी है।

श्री कुशवाहा ने बयान जारी कर कहा कि बिहार में पहले ही सात निश्चय तथा सात निश्चय-2 का सफलतापूर्वक संचालन किया जा चुका है और अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सात निश्चय योजना-3 की घोषणा करते हुए उस संकल्प को आगे बढ़ाया है, जो बिहार को विकसित राज्य बनाने की तरफ बढ़ता हुआ एक और कदम है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस योजना के माध्यम से राज्य के सर्वांगीण विकास का एक व्यापक एवं दूरगामी रोडमैप सामने आया है, जो आने वाले वर्षों में बिहार को विकास के नए शिखर पर ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने रोजगार सृजन, लोगों की आय में दोगुनी वृद्धि, उद्योग, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य तथा आधारभूत संरचना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ठोस और प्रभावी कार्ययोजना सामने रखी है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के कुशल नेतृत्व में सात निश्चय तथा सात निश्चय-2 योजनाओं ने मानवीय आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ-साथ बुनियादी संरचनाओं को सुदृढ़ करते हुए प्रदेश की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाई है। इन योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को मिला है तथा गरीब एवं वंचित वर्ग के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। आज बिहार विकास की नई उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के कुशल नेतृत्व में सात निश्चय योजना-3 जनआकांक्षाओं को पूर्ण करेगी और विकसित बिहार के लक्ष्य की ओर राज्य को और अधिक मजबूती से अग्रसर करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित