पटना, सितम्बर 20 -- 'नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल' कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय, पटना में पटना जिला महिला जदयू की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम की सफलता को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
गौरतलब है कि जीविका के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनता दल (यू) द्वारा आगामी 02 अक्टूबर को बिहार के सभी 38 जिलों में 'नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पटना जिला का कार्यक्रम प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के माध्यम से नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2006 में शुरू हुई जीविका योजना के जरिए बिहार की महिलाओं के जीवन में आए आर्थिक और सामाजिक बदलाव पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। साथ ही, जीविका के माध्यम से महिलाओं की आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन और सामाजिक भागीदारी के बढ़़ते दायरे को भी रेखांकित किया जाएगा।
बैठक में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सह विधान पार्षद श्रीमती शिवरानी देवी प्रजापति, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल हेगड़े,विधायक अरुण मांझी, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, श्रीमती श्वेता विश्वास, श्रीमती कंचन गुप्ता, श्रीमती सुप्रिया रानी, श्रीमती अफरोज खातून, श्रीमती प्रेमशीला गुप्ता, श्रीमती यास्मीन खान सहित पटना जिला की कई महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित