पटना , जनवरी 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ विधि व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए हैं।
श्री कुमार ने आज सरदार पटेल भवन स्थितपुलिस ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय पुलिस सम्मेलन 2026 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो तथा पृथक साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इस अवसर पर कहा कि समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है।उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम कर विधि व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी पुलिस पदाधिकारियों से उम्मीद है कि वे ईमानदारी के साथ पूरी तत्परता एवं कड़ाई से अपराध नियंत्रण के लिये काम करेंगे।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण) सुधांशु कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न एवं पौधा भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री कुमार के समक्ष बिहार पुलिस के कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कार्यक्रम के पूर्व सरदार पटेल भवन स्थित जीविका दीदी की रसोई का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिवअरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक स्तर के पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित