लखीसराय, मार्च 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को समृद्धि यात्रा के दौरान लखीसराय जिले को 326 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कजरा सोलर पावर प्लांट परिसर से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर लखीसराय जिले के लिए 118 करोड़ रुपये की लागत से 117 योजनाओं का उद्घाटन एवं 208 करोड़ रुपये की लागत से 144 योजनाओं का शिलान्यास किया।
श्री कुमार ने लखीसराय जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने लखीसराय जिले के कजरा सोलर पावर प्लांट के 3डी मॉडल का अवलोकन किया। साथ ही कजरा सोलर पावर प्लांट के कंट्रोल रूम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पावर जेनरेशन हाईब्रिड एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम की जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित