पटना , फरवरी 16 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने के हादसे में बिहार के पांच मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने केमिकल फैक्ट्री में आग लगने के हादसे को अत्यंत दुखद बताया है तथा हादसे में बिहार के पांच मजदूरों की मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस हादसे में बिहार के पांच मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि राजस्थान सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को बिहार लाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित