मुंगेर, मार्च 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को समृद्धि यात्रा के दौरान मुंगेर जिले को 119 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में साफियाबाद हवाई अड्डा परिसर में 119 करोड़ रुपये की लागत से 78 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 87 करोड़ रुपये की लागत से 52 योजनाओं का उद्घाटन तथा 32 करोड़ रुपये की लागत से 25 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

श्री कुमार ने मुंगेर में नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र के कार्यालय भवन का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने उद्घाटन के बाद नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र के कार्यालय भवन का निरीक्षण कर जनसुनवाई कक्ष, आगंतुक कक्ष, परियोजना प्रबंधक कक्ष आदि में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र, मुंगेर के परिसर में मुख्यमंत्री उश्चमी योजना के लाभार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभुकों को 60 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

श्री कुमार ने मुंगेर में कष्टहरणी घाट पर कराए गए सौंदर्गीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य पेश कर मुख्यमंत्री श्री कुमार का स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित