आरा , मार्च 25 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के दौरान भोजपुर जिले को 466 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में भोजपुर जिले में रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर भोजपुर जिले के लिए 197 करोड़ रुपये की लागत से 494 योजनाओं का उद्घाटन एवं 269 करोड़ रुपये की लागत से 227 योजनाओं का शिलान्यास किया।

श्री कुमार ने भोजपुर जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने भोजपुर जिला अंतर्गत राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में 100 शैय्या वाले सी.सी.बी (क्रिटिकल केयर ब्लॉक) के निर्माण कार्य (लागत 4450 लाख रुपये) का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, भोजपुर के शैक्षणिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने हॉस्पिटल बिल्डिंग, चिकित्सक एवं कर्मचारी आवास आदि के निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।

श्री कुमार ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने जीविका दीदियों की ओर से जीविकोपार्जन कार्य से जुड़े हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने 29,112 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 236 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित