बेगूसराय, मार्च 14 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेगूसराय जिले में 274 करोड़ रुपये की 400 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
श्री कुमार ने आज बेगूसराय जिले में समृद्धि यात्रा के क्रम में बियाडा प्रांगण में बेगूसराय जिला अंतर्गत 274 करोड़ रुपये की लागत से 400 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 165 करोड़ रुपये की लागत से 211 योजनाओं का उद्घाटन तथा 109 करोड़ रुपये की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
श्री कुमार ने बेगूसराय में निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, बेगूसराय के प्रगति कार्य का जायजा लिया एवं अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर पूर्ण कराएं। अस्पताल परिसर में चिकित्सकों एवं कर्मियों के आवासन की सुविधा सुनिश्चित कराएं। मुख्य सड़क से अस्पताल परिसर तक आवागमन सुचारु रुप से हो सके, इसे ध्यान में रखते हुए कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल का निर्माण हो जाने से आसपास के लोगों को ससमय बेहतर इलाज की सुविधा मिलने लगेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित