बांका , मार्च 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बांका जिले को 709 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में बांका जिले के लिए 118 करोड़ रुपये की लागत से 278 योजनाओं का उद्घाटन एवं 591 करोड़ रुपये की लागत से 219 योजनाओं का शिलान्यास किया।
श्री कुमार ने आज बांका जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बांका जिला के अंतर्गत समृद्धि यात्रा के दौरान 575 लाख रुपये लागत की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटोरिया स्थित नवनिर्मित भवन का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने उद्घाटन के बाद नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्स-रे रूम, नमूना संग्रह केंद्र, ईसीजी रूम एवं आपातकालीन केंद्र सहित अन्य भागों का निरीक्षण कर चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित