नवादा , मार्च 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के दौरान नवादा जिले को 299 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में नवादा जिले के बुधौल ग्राम स्थित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर नवादा जिले के लिए 55 करोड़ रुपये की लागत से 37 योजनाओं का उद्घाटन एवं 244 करोड़ रुपये की लागत से 21 योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने नवादा जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार बुधौल स्थित नवनिर्मित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के परिसर पहुंचे। इस दौरान गृह रक्षा वाहिनी ने उन्हें सलामी दी। मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान वहां उपस्थित अधिकारियों से नवादा जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित