औरंगाबाद , मार्च 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को समृद्धि यात्रा के दौरान औरंगाबाद जिले को 678 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में औरंगाबाद जिले बारूण के मुंशी बिगहा में औरंगाबाद जिला अंतर्गत 678 करोड़ रुपये की लागत से 262 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 123 करोड़ रुपये की लागत से 142 योजनाओं का उद्घाटन तथा 555 करोड़ रुपये की लागत से 120 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
श्री कुमार ने बारूण नगर पंचायत के वार्ड नंबर-03 में आयोजित जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत टर्न की के आधार पर औरंगाबाद (24,935 परिवारों), डिहरी एवं सासाराम शहरों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने के कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल आपूर्ति कार्य की प्रगति की मुख्यमंत्री श्री कुमार को जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित