नयी दिल्ली , मार्च 05 -- कांग्रेस ने बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने को तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा करने की कार्यवाही करार दिया और कहा कि भाजपा ने राज्य की जनता के साथ वही विश्वासघात किया है जिसकी आशंका पहले से ही जताई जा रही थी।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर पर कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान ही कांग्रेस बार-बार यही बात कह रही थी, और अब वही सच साबित हो गया है।

उन्होंने कहा ''जी-2' द्वारा रची गई साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है। कई मायनों में यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है।"गौरतलब है कि श्री कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन कर दिया है।

पिछले एक दशक में बिहार की राजनीति में कई बार गठबंधन में फेरबदल हुए हैं, जिसमें पार्टियां सत्ताधारी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन और विपक्षी गुटों के बीच पाला बदलती रही हैं, जिससे राज्य की सरकार का स्वरूप बदलता रहा है और प्रतिद्वंद्वी दलों से तीखी प्रतिक्रियाएं मिली हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित