पटना , मार्च 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा जाने का फैसला एक सौभाग्यशाली तथा गौरव की बात है और इससे राष्ट्रीय नीति निर्माण में बिहार के हितों को और अधिक मजबूती मिलेगी।

श्री पटेल ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री कुमार का राज्यसभा के लिए नामांकन और केंद्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय बिहार की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि श्री कुमार का यह निर्णय राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को भी नई गति प्रदान करेगा और उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और संतुलित नेतृत्व का लाभ अब राष्ट्रीय नीति निर्माण में होगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार के ऊर्जावान युवा नेता नितिन नवीन का भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना और राज्यसभा में नामांकन के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनना भी पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक अनुभव के साथ वे राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को नई दिशा देने के साथ-साथ बिहार की जन आकांक्षाओं को मजबूती प्रदान करेंगे।

श्री पटेल ने कहा कि लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय, अनुभवी और लोकप्रिय नेता नंद किशोर यादव का राज्यपाल बनाया जाना भी बिहार के लिए गर्व का विषय है। अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव के कारण वे संवैधानिक पद की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह बिहार के लिए अत्यंत सकारात्मक और प्रेरणादायक स्थिति है कि राज्य से जुड़े अनुभवी, दूरदर्शी और समर्पित नेता राष्ट्रीय राजनीति के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इससे न केवल बिहार की राजनीतिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी बल्कि विकास, आधारभूत संरचना, उद्योग, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में राज्य को अधिक अवसर और सहयोग प्राप्त होगा।

श्री पटेल ने कहा कि बिहार ने हमेशा देश को सशक्त नेतृत्व देने की परंपरा निभाई है। आज भी राज्य के ये सम्मानित नेता राष्ट्रीय मंच पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि इन प्रमुख नेताओं के अनुभव, नेतृत्व और समन्वय से बिहार की प्रगति और विकास को नई गति मिलेगी तथा राज्य देश के विकास की धारा में शामिल हो कर तेजी से आगे बढ़ेगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार की जनता को विश्वास है कि इन सभी सम्मानित नेताओं के संयुक्त प्रयासों से राज्य के विकास, सामाजिक समरसता और आर्थिक उन्नति के नए आयाम स्थापित होंगे और बिहार निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित