पटना , अक्टूबर 23 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पहुँचकर विधान परिषद् की आठ सीटों के लिए स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हो रहे मतदान की जानकारी ली।श्री कुमार ने इस दौरान वाररूम का निरीक्षण किया और माॅनिटरिंग टीम से क्षेत्रवार जानकारी ली। संगठन के साथियों से भी उन्होंने फीडबैक लिया। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से भी आत्मीय मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ एवं राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी एवं पूर्व सांसदअनिल प्रसाद हेगड़े उनके साथ मौजूद रहे।
नीतीश कुमार ने इससे पहले सुबह अपने आवासीय कार्यालय 7, सर्कुलर रोड पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ से मतदान संबंधी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने निर्णय लिया कि पार्टी कार्यालय में विधान परिषद् चुनाव की माॅनिटरिंग कर रहे पदाधिकारियों से भी व्यक्तिगत रूप से मिलकर फीडबैक लेंगे।
श्री कुमार ने मतदान समाप्ति के उपरांत कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आठों सीटों पर न्याय के साथ विकास के पक्ष में मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में स्नातक एवं शिक्षक ही मतदाता होते हैं और वे भलीभांति जानते हैं कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने पिछले 21 वर्षों में शिक्षा समेत सभी क्षेत्रों में कितने कार्य किए हैं। वे निश्चित तौर पर अपना मत विकसित और समृद्ध बिहार के लिए देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित