पटना, अक्टूबर 03 -- नता दल यूनाइटेड (जदयू )के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 7, सर्कुलर रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा से नेपाल में हुई भारी बारिश के चलते गंडक नदी में आई बाढ़ के संबंध में विस्तृत चर्चा की और इससे प्रभावित जिलों को लेकर चिंता जताई। इस दौरान जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, जदयू विधायक दल के नेता एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय गांधी एवं अन्य मौजूद थे।

श्री कुमार ने कहा कि नेपाल में भारी बारिश के चलते गंडक नदी में आई बाढ़ और तटबंध टूटने से सारण समेत छह जिलों के करीब ढाई सौ गांव और तीन लाख से अधिक लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। राज्य की अन्य नदियां भी उफान पर हैं। ऐसे में प्रभावित लोगों को सरकार से विशेष तत्परता की अपेक्षा रहती है, इसलिए जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता में जुटे रहें।

आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने नीतीश कुमार को इस विकट परिस्थिति में सरकार द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में जानकारी दी, जिस पर नीतीश कुमार ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का होता है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार ने इस सोच के आधार पर जनसेवा का जो मानक तैयार किया है, हमेशा उससे भी बेहतर करने की कोशिश करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित