पटना , अप्रैल 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कटिहार जिले में हुये भीषण सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और वह इससे मर्माहत हैं।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो -दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री श्री कुमार के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच कर राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुये है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में गेड़ाबाड़ी के समीप आज बस और पिकअप वैन के बीच हुयी टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गयी तथा 25 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये हैं ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित