पटना , जून 30 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा कि वर्तमान में बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार नीतीश कुमार के सुशासन और न्याय के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही हैश्री चौधरी ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आज जनसुनवाई के दौरान कहा कि बिहार में नीतीश कुमार ने सुशासन की एक परिभाषा गढ़ी है और उनके पद छोड़ने के बाद भी बिहार सरकार उन्ही की नीतियों को आगे बढ़ा रही है।
उप-मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आए आमजन एवं कार्यकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
इस दौरान उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस भरोसे के साथ राजग को जनादेश दिया था, सरकार उसके अनुरूप काम कर रही है और अपने कार्यों से विश्वसनीयता को प्रमाणित भी किया है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाई है।
श्री चौधरी ने कहा कि पूर्वमुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में बीते 20 वर्षों के शासनकाल में बिहार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और वर्ष 2025-30 के लिए उन्हीं के नेतृत्व में राजग को ऐतिहासिक जनादेश मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कई बार सार्वजनिक मंचों से यह दोहराया है कि राजग सरकार श्री कुमार के सुशासन और न्याय के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है और बिहार की जनता भी इस बात को गहराई से महसूस कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित