पटना , अप्रैल 21 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम एवं परिमल कुमार ने मंगलवार को कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल के दौरान बिहार ने पिछले दो दशकों में जिस परिवर्तनकारी यात्रा को तय किया है, वह दूरदर्शी नेतृत्व, पारदर्शी नीतियों और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है।

जदयू प्रवक्ता श्री राम और श्री कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद आम जनमानस के जीवन को बेहतर बनाने का जो संकल्प लिया गया, उसे सड़कों, पुलों, बिजली आपूर्ति और नल-जल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से साकार किया गया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल ढांचागत विकास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने राज्य के सामाजिक और आर्थिक आत्मविश्वास को भी नई दिशा दी है।

जदयू नेताओं ने कहा कि जहां एक ओर राजनीति को निजी लाभ का माध्यम बनाने की प्रवृत्ति देखने को मिलती है, वहीं नीतीश कुमार ने सुशासन और जवाबदेही की नीति ने जनता के बीच विश्वास का एक मजबूत आधार खड़ा किया। यही विश्वास आज सबसे बड़ी पूंजी के रूप में सामने आया है, जिसने सरकार और जनता के रिश्ते को और अधिक सुदृढ़ किया है।

श्री राम और श्री कुमार ने कहा कि सुशासन की सोच के साथ नीतीश कुमार की लागू की गई नीतियों ने एक ऐसे नए बिहार की नींव रखी है, जो विकास, समावेशन और अवसरों की समानता के सिद्धांतों पर आधारित है। इसी मजबूत आधार के कारण आज बिहार निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल उपलब्धियों की कहानी है, बल्कि आने वाले समय के लिए एक सशक्त और आत्मनिर्भर बिहार का स्पष्ट संकेत भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित