पटना , मई 08 -- बिहार सरकार में नव नियुक्त स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शुक्रवार को कहा कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों में राज्य में किए गए विकास कार्यों को आगे भी पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा जाएगा।
निशांत कुमार ने आज स्वास्थ्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी ईमानदारी और समर्पण भाव से निर्वहन करेंगे।उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में जो विकास कार्य हुए हैं, उन्हें और अधिक गति देने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री निशांत कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को समान रूप से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमीर और गरीब के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना प्रत्येक जरूरतमंद तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।
श्री कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों में पूरी ईमानदारी और संवेदना बरती जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में सचिव लोकेश कुमार सिंह, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय और पदाधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित