सुपौल/मधेपुरा , मार्च 10 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।
श्री चौधरी ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान सुपौल जिले के निर्मली तथा मधेपुरा जिले के बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) नॉर्थ कैंपस में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि श्री कुमार दिल्ली जाकर भी अपने मार्गदर्शन से बिहार के विकास को गति देते रहेंगे, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में सुशासन की नीतियां जारी रहेंगी।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने राज्य सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुये कहा कि कभी सुपौल से पटना पहुंचने में आठ घंटे लगते थे। उन्होंने कहा कि राजग सरकार द्वारा सड़कों और पुलों का व्यापक निर्माण किए जाने के बाद अब निर्मली से पटना की दूरी महज तीन घंटे में तय की जा रही है। एक समय सुपौल कोसी नदी की बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित रहता था और लोग यहां आने से भी कतराते थे। वर्ष 2008-09 में नेपाल से कोसी में लगभग 1.92 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से 14 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए थे। लेकिन नदी प्रबंधन और तटबंधों के सुदृढ़ीकरण से स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। वर्ष 2024 में करीब साढ़े छह लाख क्यूसेक पानी आने के बावजूद केवल नदी क्षेत्र के 156 गांव ही प्रभावित हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित