पटना , फरवरी 25 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पूरी सख्ती के साथ कानून का राज कायम है।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव निराधार आरोपों के सहारे चाहे जितना भ्रम फैलाने की कोशिश कर लें, लेकिन इसका जनता के दिलों-दिमाग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है, क्योंकि बिहार की जनता सच्चाई से भली-भांति अवगत है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि लालू-राबड़ी के भ्रष्ट शासनकाल में प्रशासनिक व्यवस्था पंगु हो गई थी, जबकि आज जर्जर थाने आधुनिक एवं सुविधासंपन्न भवनों में परिवर्तित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में पुलिस बल की संख्या तकरीबन 42 हजार थी, जो अब बढ़कर 1.10 लाख से अधिक हो चुकी है। पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए आधारभूत संरचना का व्यापक विस्तार किया गया है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार हुआ है तथा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। थानों को खटारा वाहनों की जगह अब एसयूवी एवं ऑफ-रोडिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डायल-112 सेवा आज कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में एक नई क्रांति के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों में डायल-112 के माध्यम से 50 लाख से अधिक लोगों को त्वरित सहायता प्रदान की जा चुकी है तथा इसका रिस्पॉन्स टाइम देशभर में दूसरे स्थान पर है। इन बदलावों के कारण न्याय प्रक्रिया में तेजी आई है और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव सुदृढ़ हुआ है। साथ ही, देश-दुनिया के निवेशक भी बिहार आ रहे हैं तथा नए उद्योग-धंधों की स्थापना हो रही है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी राजद ने कानून-व्यवस्था का झूठा ढोल पीटकर जनता को दिग्भ्रमित करने की भरसक कोशिश की थी, लेकिन चुनाव परिणाम सबके सामने हैं। जनता ने उनकी झूठ आधारित राजनीति को सिरे से नकार दिया और वे 25 सीटों पर सिमटकर रह गए। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने बिहार को भय और अराजकता के दौर से निकालकर सुशासन और विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। यही कारण है कि जनता का अटूट विश्वास उनके नेतृत्व पर कायम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित