नयी दिल्ली , मार्च 16 -- राज्यसभा के रविवार को सम्पन्न द्विवार्षिक चुनाव में भारतीय जनता पार्टी नीति राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार में सभी पांच सीटों पर जीत हासिल करने में सफल रहा है जबकि ओडिशा में भाजपा ने दो सीटों पर जीत हासिल की है और उसके समर्थन से एक निर्दलीय विजयी हुआ है।
बिहार में विपक्षी महागठबंधन के चार विधायक मतदान में अनुपस्थित रहे जबकि ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल के कुछ सदस्यों ने पार्टी ने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया।
हरियाणा में खबर लिखे जाने तक नतीजे घोषित नहीं हुए थे। वहां दो सीटों के लिए भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस को कर्मवीर सिंह बौद्ध और निर्दलीय सतीश नांदल के बीच मुकाबला है।
दस राज्यों की 37 सीटों के लिए हुए इन चुनावों में सात राज्यों से 26 उम्मीदवार नौ मार्च को नाम वापस लेने के अंतिम दिन ही निर्विरोध निर्वाचित हो गये थे।
आज विजयी घोषित उम्मीदवारों में बिहार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री एवं जदयू नेता रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।
ओडिशा से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और पार्टी के सुजीत कुमार विजयी रहे हैं। इनके अलावा भाजपा के समर्थन से निर्दलीय दिलीप रे की भी जीत हुई है। बीजू जनता दल के संतृप्त मिश्रा भी चुनाव जीत गये हैं।
इससे पहले नौ मार्च को निर्विरोध घोषित नतीजों में महाराष्ट्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के रामदास अठावले, भाजपा के महासचिव विनोद तावडे, पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पुत्र और राकंपा के पार्थ पवार, शिवसेना के डॉ. ज्योति वाघमारे, भाजपा के माया इवनाते और रामराव वाडकूटे शामिल हैं।
तमिलनाडु की छह सीटों में से दो पर सत्तारूढ़ द्रमुक के तिरुचि शिवा और जे. कॉन्सटेनटाइन रविंद्रन, कांग्रेस के के. मणिकम्म और डीएमडीके के एल.के. सुधीश तथा विपक्षी अन्नाद्रमुक के डॉ. एम. थम्बी दुरई और पीएमके नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ अंबुमणि रामदास निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
छत्तीसगढ़ से दो सीटों में से एक पर भाजपा के लक्ष्मी वर्मा और दूसरी पर कांग्रेस की फूलो देवी नेताम निर्वाचित हुई थीं।
हिमाचल प्रदेश से एक मात्र सीट पर कांग्रेस के अनुराग शर्मा निर्विरोध चुने गये।
पश्चिम बंगाल में पांच सीटों के लिए हुए चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के सर्वश्री बाबुल सुप्रियो और राज्य के पूर्व पुलिस अधिकारी राजीव कुमार तथा इसी पार्टी की मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मलिक निर्वरोध निर्वाचित हुईं। साथ ही भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा भी निर्विरोध चुने गये।
इसी प्रकार तेलंगाना से दोनों सीटें कांग्रेस के खाते में गयी हैं। पार्टी के उम्मीदवार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और वी. नरेंद्र रेड्डी निर्विरोध विजयी रहे।
असम में सभी तीन सीटों पर निर्विरोध हुए चुनाव में भाजपा के जोगेन मोहन और तारेश गोवल्ला तथा यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के प्रमुख प्रमोद बारू को विजयी घोषित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित