मुंबई , नवंबर 02 -- रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी ने रविवार को मुंबई के निकट कर्जत में 100 एकड़ में बनने वाले आवासीय और देखभाल केंद्र 'नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय' का भूमिपूजन किया।

इस परियोजना का उद्देश्य 5,000 से अधिक अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों को घर जैसा माहौल और व्यापक देखभाल प्रदान करना है। इस समारोह में सुश्री ईशा अंबानी भी मौजूद थीं। रिलायंस फाउंडेशन की इस गैर-लाभकारी पहल को जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद चरणों में विकसित किया जाएगा। श्रीमती नीता अंबानी ने कहा कि 'अनंत आश्रय' उनके और उनके परिवार के दिल के बहुत करीब है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जो माता-पिता अपने न रहने पर अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैं, उन्हें यह भरोसा मिल सकेगा कि उनके बच्चों के पास हमेशा एक घर और परिवार रहेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल की परिकल्पना एक ऐसे समुदाय के रूप में की गई है, जहां हर उम्र के लोग सम्मान, गरिमा और अपनापन महसूस करते हुए रह सकें। इस केंद्र में छोटे, परिवार जैसे आवासीय परिसर होंगे, जहां लोगों की देखभाल के लिए कर्मचारी मौजूद रहेंगे। यहां रहने वालों की जरूरतों के हिसाब से उनके लिए अलग-अलग केयर प्लान (देखभाल योजनाएं) तैयार किए जाएंगे, जिनमें स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और व्यक्तिगत विकास शामिल होंगे। उम्मीद है कि यह परियोजना लगभग 15,000 लोगों के एक समुदाय के रूप में विकसित होगी, जिसमें यहां रहने वाले लोग चिकित्सा पेशेवर, कर्मचारी और उनके परिवार शामिल होंगे। इस परिसर में एक विशेष अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, फिजियोथेरेपी और अन्य चिकित्सा सुविधाएं होंगी।

इसके साथ ही यहां शिक्षा, खेल, संगीत और कला के क्षेत्र में भी अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां रहने वालों के कौशल विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बेकरी, कैफे और हस्तशिल्प केंद्र जैसी सुविधाएं भी बनाई जाएंगी। इस परियोजना में एक मंदिर, बगीचे और 'वंतारा' के सहयोग से विकसित एक फार्म भी शामिल है, जहां लोग जानवरों के साथ समय बिता सकेंगे। आस-पास के गांवों के लोगों को भी यहां की कुछ सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। श्रीमती नीता अंबानी ने अपने जन्मदिन पर इस पहल की आधारशिला रखी और इसे 'भारत माता के चरणों में एक मां की ओर से एक छोटी सी भेंट' बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित