पौड़ी , जून 18 -- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी)-2026 के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 21 जून को जिले के केंद्रीय विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने गुरुवार को दोनों परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि या बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। श्री पंवार ने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है और सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें।

पुलिस प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दिन सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित