रायपुर , जून 18 -- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की 21 जून को प्रस्तावित पुनर्परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की, जिसकी जानकारी गुरुवार को जिला प्रशासन ने दी।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेरीखेड़ी, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उपरवारा, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फॉरेस्ट कॉलोनी (माना-अभनपुर मार्ग), स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक शाला माना कैंप, मिंटू शर्मा स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल डुमरतराई, माधवराव सप्रे उच्चतर माध्यमिक शाला बुढ़ापारा, जे.आर. दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालीबाड़ी, संत कंवरराम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला कटोरा तालाब, शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ कॉलेज बैरन बाजार तथा प्रो. जे.एन. पांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नलघर चौक सहित विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।
बारिश के अनुमान को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिये कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग शेड अथवा छायादार स्थानों पर की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।
डॉ. सिंह ने परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को व्यवस्थित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा दिवस पर किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने बताया कि नीट पुर्न-परीक्षा के लिए रायपुर जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी उमेश कुमार गुप्ता, डीसीपी संदीप कुमार पटेल, एसडीएम नंदकुमार चौबे, एसडीएम अभनपुर रवि सिंह, एडीसीपी राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किंडों सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित