हनुमानगढ़ , अप्रैल 30 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर तीन मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने आज बताया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित साधनों का उपयोग रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा तीन मई को दोपहर दो बजे से सायं पांच बजे तक एक ही पारी में आयोजित होगी। हनुमानगढ़ जंक्शन-टाउन क्षेत्र में कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हर अभ्यर्थी को मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट और मूल प्रवेश-पत्र साथ लाना अनिवार्य है। बिना इन दस्तावेजों के किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित