भोपाल , जून 23 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने नीट, सीबीएसई सहित विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और घोटालों के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलनों का समर्थन करते हुए मध्यप्रदेश में भी जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है।
ग्वालियर में आयोजित पार्टी के राज्य सचिव मंडल की बैठक के बाद जारी बयान में राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में बढ़ते भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि माकपा इस मुद्दे पर छात्रों के साथ खड़ी है और इसे प्रदेशभर में जन मुद्दा बनाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी जिला स्तर पर प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी, ताकि परीक्षा संबंधी कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को मजबूत किया जा सके।
माकपा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लाखों छात्रों, उनके परिवारों तथा देश के भविष्य के साथ विश्वासघात करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पार्टी का आरोप है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के कारण शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है, जिसका सबसे अधिक नुकसान मेहनती और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को उठाना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित