रायबरेली , जून 29 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी से सांसद किशोरीलाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों और उनके अभिभावकों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को रायबरेली सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोटा से जनजागरण अभियान के माध्यम से उठाया है और कांग्रेस इसे पूरे देश में युवाओं के हित का मुद्दा मानकर उठा रही है।
श्री शर्मा ने आज रायबरेली के कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं का मुद्दा है। कांग्रेस प्रत्येक जिले में इस विषय को प्रमुखता से उठा रही है ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं को न्याय मिल सके।
उन्होंने अयोध्या में कथित चंदा चोरी के मामले पर कहा कि इस प्रकरण में केवल "छोटी मछली" ही गिरफ्त में आई है, जबकि "बड़े मगरमच्छ" अभी भी बाहर हैं। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के बड़े नेता तथा जनता जानती है कि बड़े मगरमच्छ कौन हैं, लेकिन सरकार उन्हें नहीं पहचान रही है।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा सांप्रदायिकता के खिलाफ उसकी लड़ाई में क्षेत्रीय दलों को भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित