बेंगलुरु , जुलाई 21 -- कर्नाटक विधान परिषद में विपक्ष के मुख्य सचेतक एन. रविकुमार ने नयी दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से चलाये जा रहे आंदोलन को वामपंथियों और देश विरोधी तत्वों द्वारा हाइजैक करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने इस आंदोलन को संसद और नरेंद्र मोदी सरकार को निशाना बनाने वाली एक 'सुनियोजित साजिश' में तब्दील कर दिया।
श्री रविकुमार ने संवाददाताओं से बात करते हुए दावा किया कि हालांकि छात्रों को विरोध करने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है लेकिन संसद के पास हुए प्रदर्शन में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएसए), ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) और अन्य राजनीतिक समूहों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने घुसपैठ की थी।
उन्होंने आरोप लगाया, "यह विरोध प्रदर्शन अब छात्रों या नीट परीक्षा के बारे में नहीं रह गया है। इसे एक अलग एजेंडे के साथ राजनीतिक अभियान में तब्दील कर दिया गया है।" श्री रविकुमार ने झड़पों में 150 से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने और कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराने का दावा किया। उन्होंने संसद पर पत्थर फेंकने और पुलिस की गाड़ियों को भी पलटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिंसा से पता चलता है कि संसद परिसर में घुसने की जानबूझकर कोशिश की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित