नयी दिल्ली , मई 16 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा के जीव विज्ञान के प्रश्न लीक मामले में शामिल एक और मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने गहन पूछताछ के बाद एक अन्य मुख्य आरोपी पुणे (महाराष्ट्र) की वरिष्ठ वनस्पति विज्ञान शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया है। वह नीट-यूजी 2026 परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थीं और उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया था।

अधिकारी ने बताया कि उनके पास वनस्पति विज्ञान और जन्तु विज्ञान के प्रश्न पत्रों तक पूरी पहुंच थी। गत अप्रैल के दौरान उन्होंने पुणे की ही मनीषा वाघमारे के माध्यम से संभावित नीट उम्मीदवारों को इकट्ठा किया और पुणे में अपने निवास पर छात्रों के लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं। मनीषा को दो दिन पहले 14 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इन कक्षाओं के दौरान उन्होंने वनस्पति विज्ञान और जन्तु विज्ञान के कई प्रश्नों को समझाया और उजागर किया, साथ ही छात्रों को उन्हें अपनी कॉपियों में लिखने और पाठ्यपुस्तकों में चिह्नित करने को कहा। खबर है कि इनमें से अधिकतर प्रश्न तीन मई को आयोजित वास्तविक नीट-यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्न पत्र से मेल खाते थे।

पिछले 24 घंटों के दौरान, सीबीआई ने देशभर में छह स्थानों पर तलाशी ली और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किये हैं। जब्त की गयी सामग्री का विस्तृत विश्लेषण फिलहाल जारी है।

शिक्षा मंत्रालय के तहत उच्च शिक्षा विभाग ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक के संबंध में दर्ज लिखित शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 12 मई को मामला दर्ज किया था। इसके तुरंत बाद विशेष टीमें गठित की गयीं और देशभर में कई स्थानों पर तलाशी ली गयी। इस दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गयी। इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्या नगर से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से पांच आरोपियों को पहले ही अदालत में पेश किया जा चुका है और विस्तृत पूछताछ के लिए उन्हें सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

शुक्रवार को गिरफ्तार किये गये दो अन्य आरोपियों को पुणे की एक अदालत में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया। अब उन्हें दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित