टिहरी , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के टिहरी में तीन मई, रविवार को प्रस्तावित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम ने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में साफ-सफाई बनी रहे तथा किसी भी प्रकार की फोटोस्टेट मशीन, मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न रखे जाएं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और वीडियो सिस्टम की नियमित जांच सुनिश्चित करने और ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का सत्यापन करने को भी कहा।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर जैमर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ खिड़कियां तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल और डस्टबिन की व्यवस्था को भी अनिवार्य बताया।

स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर फर्स्ट एड किट और एम्बुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, जबकि पुलिस विभाग को समय से ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने, परीक्षा केंद्रों के आसपास बैरिकेडिंग करने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस दौरान शिक्षा विभाग की ओर से प्रदीप थपलियाल ने फ्रिस्किंग एरिया, प्रवेश द्वार, कंट्रोल रूम, जैमर, बायोमैट्रिक, वीडियोग्राफी और व्हीलचेयर सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

एडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित